रिपोर्ट अनंत कुशवाह
अम्बेडकरनगर। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अम्बेडकरनगर में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की कवायद शुरू कर दी है। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री मायावती के निर्देश पर प्रदेश नेतृत्व की सहमति से जनपद संगठन में आंशिक फेरबदल करते हुए नए पदाधिकारियों की घोषणा की गई है।
बसपा जिलाध्यक्ष सुनील सावंत गौतम द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह निर्णय प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल, पूर्व नेता विधान परिषद दिनेश चंद्रा तथा मुख्य जोन प्रभारियों दिलीप कुमार विमल, अरविंद गौतम, डॉ. दयाराम राजभर और राम नयन निर्दोष की सहमति से लिया गया है। पार्टी का कहना है कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत और सक्रिय बनाकर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मजबूत आधार तैयार किया जा रहा है।
संगठनात्मक फेरबदल के तहत आज्ञाराम प्रधान को अकबरपुर विधानसभा अध्यक्ष, विनायक निषाद को 281 अकबरपुर विधानसभा उपाध्यक्ष तथा एडवोकेट विजय कुमार को अकबरपुर विधानसभा महासचिव नियुक्त किया गया है। पार्टी नेतृत्व ने नव-नियुक्त पदाधिकारियों से जनसंपर्क बढ़ाने, बूथ कमेटियों को सक्रिय करने और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने की अपेक्षा जताई है।
बसपा का मानना है कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। यही वजह है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी लगातार संगठन विस्तार और नए नेतृत्व को जिम्मेदारी सौंपने पर जोर दे रही है। अम्बेडकरनगर में किया गया यह फेरबदल भी उसी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
