ब्यूरो रिपोर्ट
लखनऊ। ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ विषय पर गठित संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की लखनऊ में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक के दौरान नारायण फाउंडेशन के संरक्षक विवेक मौर्य ने उत्तर प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों से शिष्टाचार भेंट कर विभिन्न समसामयिक एवं लोकतांत्रिक विषयों पर सार्थक संवाद किया।
बैठक के अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह तथा नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा से विवेक मौर्य की आत्मीय मुलाकात हुई। इस दौरान ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ की अवधारणा, लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनावी सुधार, सुशासन, जनभागीदारी तथा विकासोन्मुख नीतियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ।
विवेक मौर्य ने कहा कि लोकतंत्र को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुख बनाने के लिए इस प्रकार के विमर्श अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि नीति निर्माण की प्रक्रिया में समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक सुदृढ़ करती है।
गौरतलब है कि ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ को लेकर देशभर में व्यापक स्तर पर संवाद और सुझावों का क्रम जारी है। इसी कड़ी में लखनऊ में आयोजित संयुक्त संसदीय समिति की यह बैठक लोकतांत्रिक विमर्श का एक महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधियों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई ।
रिपोर्ट-अनन्त कुशवाहा
