रिपोर्ट सौरभ दीक्षित
फर्रुखाबाद। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव के लिए शुक्रवार को जिले में मतदान जारी रहा। मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
डीएम और एसपी फतेहगढ़ स्थित एमआईसी कॉलेज, बढ़पुर ब्लॉक और कमालगंज के मतदान केंद्रों पर पहुंचे। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और तैनात पुलिस बल की मौजूदगी में सुरक्षा इंतजामों को परखा। मतदान के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए निगरानी की जा रही है। अधिकारी लगातार मतदान प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं।
निर्वाचन से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, सुबह 10 बजे तक स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 8.50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान का प्रतिशत 15.73 रहा। मतदान केंद्रों पर निर्धारित व्यवस्था के बीच मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिला प्रशासन शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए लगातार सक्रिय रहा।
