ब्यूरो रिपोर्ट
फर्रुखाबाद /कायमगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत अलीगंज मार्ग पर कैसर खां अड्डे के पास रविवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दि किसान सहकारी चीनी मिल के फिटर लोकेंद्र यादव (38) की दर्दनाक मौत हो गई।
मूल रूप से मैनपुरी के नगला हार निवासी लोकेंद्र रविवार सुबह पैतृक गांव से एक रिश्तेदार के शोक कार्यक्रम से लौट रहे थे। चीनी मिल परिसर स्थित क्वार्टर लौटते समय तेज रफ्तार दूसरी बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। राहगीरों ने आरोपी बाइक सवार को मौके पर पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से घायल लोकेंद्र को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे से चंद मिनट पहले ही लोकेंद्र ने पत्नी कल्पना को फोन कर कहा था— “बस पहुंच रहा हूं, पानी गर्म कर देना।” इसके कुछ ही देर बाद उनके निधन की खबर पहुंची। वर्ष 2017 से चीनी मिल में कार्यरत लोकेंद्र अपने पीछे पत्नी, 14 वर्षीय बेटी परी और 9 वर्षीय बेटे शिवांग को छोड़ गए हैं। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
