विधानसभा चुनाव से पहले बसपा का संगठन विस्तार, नए पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में अम्बेडकरनगर में संगठन को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पार्टी ने जिला संगठन में आंशिक फेरबदल करते हुए नए पदाधिकारियों की घोषणा की है।
बसपा जिलाध्यक्ष सुनील सावंत गौतम द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के निर्देश तथा प्रदेश नेतृत्व की सहमति से यह संगठनात्मक बदलाव किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल, पूर्व नेता विधान परिषद दिनेश चंद्रा और मुख्य जोन प्रभारियों की सहमति के बाद नए पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
संगठनात्मक फेरबदल के तहत आज्ञाराम प्रधान को अकबरपुर विधानसभा अध्यक्ष, विनायक निषाद को 281 अकबरपुर विधानसभा उपाध्यक्ष तथा एडवोकेट विजय कुमार को अकबरपुर विधानसभा महासचिव नियुक्त किया गया है। पार्टी नेतृत्व ने सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और गांव-गांव तक पार्टी को सक्रिय करने का आह्वान किया है।
बसपा का कहना है कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की कुंजी है। इसी रणनीति के तहत वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन विस्तार और नए नेतृत्व को जिम्मेदारी सौंपने का अभियान लगातार जारी है।
