सबलगढ़ – जनहित सत्याग्रह
सबलगढ़ नगर पालिका परिषद में जनहित और नगर की मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर पार्षदों का सत्याग्रह लगातार 67वें दिन भी जारी रहा। पार्षदों ने नगर पालिका प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों की नियमित अनुपस्थिति से आम जनता के जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से व्यवस्था सुधारने और सफाई व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की।
सबलगढ़ नगर पालिका परिषद परिसर में चल रहे जनहित सत्याग्रह के दौरान पार्षदों ने कहा कि नगर पालिका में विभिन्न योजनाओं से जुड़े कर्मचारी नियमित रूप से उपलब्ध नहीं रहते। मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के लगातार अवकाश पर रहने और प्रभारी सीएमओ के भी नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित नहीं होने के कारण प्रशासनिक और जनसेवा से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
पार्षदों का कहना है कि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पेंशन, राशन और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के आवेदन समय पर नहीं हो पा रहे हैं, जिससे लोगों को बार-बार नगर पालिका कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगर की सफाई व्यवस्था बदहाल है। सफाई कर्मचारियों के पास पर्याप्त संसाधन नहीं होने से कई वार्डों में नियमित सफाई नहीं हो रही। बरसात के मौसम में जलभराव और गंदगी की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सत्याग्रह पर बैठे पार्षदों ने प्रशासन से मांग की है कि नगर पालिका में नियमित प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, आवश्यक कर्मचारियों की तैनाती की जाए तथा सफाई व्यवस्था के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि आम जनता के कार्य समय पर पूरे हो सकें।
रिपोर्टर भूपेंद्र चतुर्वेदी सवलगढ।
