रिपोर्ट सौरभ दीक्षित जिला संवाददाता फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद में रिश्तों का कत्ल: जमीन बेचने से मना करने पर बेटे ने सोते हुए पिता की बेरहमी से की
फर्रुखाबाद में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक कलयुगी बेटे ने जमीन बेचने से इनकार करने पर अपने ही पिता की ईंट और कुर्सी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
घटना फर्रुखाबाद जनपद के मोहम्मदाबाद कस्बे के लोहिया नगर वार्ड की है। 68 वर्षीय रामदास रविवार रात घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। आरोप है कि उनका छोटा बेटा श्यामकुमार पहले चारपाई पलटकर उन्हें नीचे गिराया, फिर कुर्सी और ईंट से कई बार वार कर उनकी हत्या कर दी।
परिजनों के मुताबिक, श्यामकुमार ने रविवार को किश्तों पर एक बाइक खरीदी थी। किश्त चुकाने के लिए वह पिता पर जमीन बेचने का दबाव बना रहा था। पिता के मना करने पर दोनों के बीच विवाद हुआ। इससे पहले उसने अपनी बेटी से गहने गिरवी रखने के लिए भी मांगे थे, लेकिन बेटी ने इनकार कर दिया था।
सोमवार सुबह पड़ोसी ने घर के बाहर उल्टी पड़ी चारपाई पर रामदास का लहूलुहान शव देखा और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि जमीन बेचने के विवाद में हत्या की वारदात हुई है। आरोपी श्यामकुमार फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
