सौरभ दीक्षित, जिला संवाददाता, फर्रुखाबाद
इनामी आरोपी से पुलिस की मुठभेड़
फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में गोवध अधिनियम के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार आरोपी बरामदगी के दौरान हिरासत से भाग निकला और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक 13 जुलाई 2026 को कोतवाली कायमगंज पुलिस टीम गोवध अधिनियम के 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त चंदा उर्फ चाँद मियां को उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल बरामद कराने के लिए मीरपुर से कलाखेल जाने वाले खड़ंजा मार्ग के पास जंगल में लेकर गई थी।
इसी दौरान अभियुक्त पुलिस अभिरक्षा से छूटकर भाग गया और झाड़ियों में छिपाकर रखे अवैध .315 बोर तमंचे से पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए सीएचसी कायमगंज भेजा गया।
घटना की सूचना पर जनपदीय फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक बांका और एक छुरी बरामद की है। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
