रिपोर्ट: शारिफ अली खान, बहेड़ी।
तस्करी के आरोपियों से पूछताछ के बाद मिली सूचना, गोदाम संचालक फरार, जांच जारी
बरेली के बहेड़ी में खैर की लकड़ी की कथित तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। उत्तराखंड वन विभाग ने खुफिया सूचना और कई दिनों की रेकी के बाद जाफरी चौराहे स्थित एक गोदाम पर छापेमारी कर भारी मात्रा में खैर की लकड़ी बरामद की है। बताया जा रहा है कि गोदाम संचालक मौके से फरार हो गया। मामले की जांच जारी है और पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड पुलिस ने कुछ दिन पहले खैर की लकड़ी की तस्करी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर उत्तराखंड वन विभाग ने बहेड़ी में कई दिनों तक निगरानी की और पुख्ता सूचना मिलने पर बड़ी टीम के साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान गोदाम से बड़ी मात्रा में खैर की लकड़ी बरामद हुई।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, लकड़ी को उत्तराखंड से रात के समय छोटे मालवाहक वाहनों के जरिए लाकर गोदाम में रखा जाता था। मामले ने स्थानीय वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। इस संबंध में स्थानीय वन अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
फिलहाल उत्तराखंड वन विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा है। यह पता लगाया जा रहा है कि लकड़ी की तस्करी में कौन-कौन लोग शामिल हैं और यह नेटवर्क कब से संचालित हो रहा था। आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
