ऑर्डिनेंस फैक्ट्री जमीन विवाद पर सपा का भाजपा पर निशाना
फिरोजाबाद में ऑर्डिनेंस फैक्ट्री की जमीन कब्जाने के मामले में सीबीआई द्वारा उद्योगपति पर दर्ज एफआईआर के बाद राजनीति तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं सामाजिक कार्यकर्ता सतेन्द्र जैन ‘सौली’ ने भाजपा पर निशाना साधते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण और पूंजीपतियों के गठजोड़ के कारण जमीन के कारोबार में बड़े स्तर पर खेल हो रहा है।
उसयानी स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री की जमीन कब्जाने के मामले में सीबीआई द्वारा उद्योगपति राजकुमार मित्तल पर एफआईआर दर्ज किए जाने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सतेन्द्र जैन ‘सौली’ ने प्रेस वार्ता कर भाजपा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा स्पष्ट करे कि संबंधित उद्योगपति किस सत्ताधारी जनप्रतिनिधि की टीम का हिस्सा है। उनका दावा था कि राजनीतिक संरक्षण के बिना कोई भी व्यक्ति रक्षा विभाग की जमीन पर कब्जे का प्रयास करने का साहस नहीं कर सकता।
सौली ने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में फिरोजाबाद में राजनीतिक और पूंजीपतियों के गठजोड़ से जमीन की कीमतें लगातार बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि किसानों से कम कीमत पर जमीन खरीदकर वहां सड़क और अन्य सरकारी विकास कार्य कराए जाते हैं, जिसके बाद उसी जमीन को छोटे-छोटे प्लॉटों में ऊंचे दामों पर बेचा जाता है। उन्होंने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
सपा नेता ने कहा कि उनकी पार्टी की सरकार बनने पर ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी और राजनीतिक-पूंजीपति गठजोड़ को समाप्त कर आम और गरीब जनता को राहत दिलाने का काम किया जाएगा।
इस अवसर पर सपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. मुजाहिद खान, सपा नेता सुशील गुरु, हाशिम खान और नितिन यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
