रिपोर्टर मनोज कुमार, मैनपुरी
मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र के शमशेरगंज ग्राम सभा के महोली गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। घर की छत पर गए 18 वर्षीय युवक की 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई और गांव से हाईटेंशन लाइन हटाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार महोली गांव निवासी 18 वर्षीय करन पुत्र वेदराम किसी काम से अपने घर की छत पर गया था। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किशनी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि गांव के कई मकानों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है और इसे हटाने के लिए कई बार बिजली विभाग से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं, फिर भी विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
फिलहाल गांव में शोक का माहौल है। ग्राम प्रधान और ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और आबादी क्षेत्र से हाईटेंशन लाइन हटाने की मांग की है।
