बोकारो थर्मल में गुरुवार को गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने डीवीसी के मुख्य अभियंता सह परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरिया से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में विस्थापित परिवारों के अधिकार, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता, जनसुविधाओं के विस्तार और जनहित से जुड़े कई विषयों पर विस्तार से बातचीत हुई।
सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि डीवीसी पावर प्लांट बोकारो थर्मल क्षेत्र की लाइफलाइन है। उन्होंने कहा कि विस्थापित परिवारों को उनका अधिकार मिलना चाहिए और स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दी जानी चाहिए। साथ ही क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार भी आवश्यक है।
सांसद ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय तथा लगातार संवाद से ही क्षेत्र का समग्र विकास संभव है। उन्होंने जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान डीवीसी के मुख्य अभियंता सह परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरिया ने सांसद द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि दीपक महतो, जितेंद्र यादव, जिला अध्यक्ष सचिन महतो, कमलेश महतो, मंजूर आलम, आर. मोनू कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
स्लग: बोकारो | सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी की डीवीसी अधिकारियों के साथ विकास और जनहित के मुद्दों पर अहम बैठक
