रिपोर्ट:- तुलसी प्रसाद बोकारो झारखंड
बोकारो थर्मल में क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने डीवीसी के मुख्य अभियंता सह परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरिया से मुलाकात की। इस दौरान विस्थापित परिवारों के अधिकार, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता और जनसुविधाओं के विस्तार सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि डीवीसी बोकारो थर्मल क्षेत्र की लाइफलाइन है। यहां के विस्थापित परिवारों को उनका अधिकार मिलना चाहिए और स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जनसुविधाओं का विस्तार और विकास कार्यों को जनभावनाओं के अनुरूप गति देना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सांसद ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय तथा लगातार संवाद से ही क्षेत्र का समग्र विकास संभव है। उन्होंने सभी हितधारकों के सहयोग से क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर कार्य करने पर जोर दिया।
बैठक में डीवीसी के मुख्य अभियंता सह परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरिया ने सांसद द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि दीपक महतो, जितेंद्र यादव, जिला अध्यक्ष सचिन महतो, कमलेश महतो, मंजूर आलम और आर. मोनू कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बोकारो | सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी की डीवीसी अधिकारियों से बैठक
