रिपोर्ट: तुलसी प्रसाद, बोकारो (झारखंड)
हजारों बच्चों को घर के पास मिलेगी गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा, क्षेत्र में खुशी की लहर
झारखंड के बोकारो जिले के नावाडीह प्रखंड के ऊपरघाट स्थित पलामू गांव में डुमरी क्षेत्र के लिए एक बड़ी शैक्षिक सौगात की शुरुआत हुई है। यहां नेतरहाट आवासीय विद्यालय की तर्ज पर बनने वाले आधुनिक आवासीय विद्यालय का विधिवत भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और डुमरी विधायक जयराम महतो मौजूद रहे। इस विद्यालय के निर्माण से क्षेत्र के हजारों बच्चों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा का लाभ मिल सकेगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जयराम महतो ने कहा कि यह परियोजना पिछले दो वर्षों से विभिन्न विभागों में लंबित थी। उन्होंने विधानसभा में लगातार इस मुद्दे को उठाया और अधिकारियों से समन्वय बनाकर योजना को मंजूरी दिलाई। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक विद्यालय नहीं, बल्कि डुमरी के हजारों बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। अब गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों को भी नेतरहाट जैसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अपने क्षेत्र में ही मिलेगी।
गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि शिक्षा ही विकास की सबसे मजबूत आधारशिला है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार से विद्यालय के निर्माण और संचालन के लिए हरसंभव सहयोग दिलाया जाएगा, ताकि यह परियोजना जल्द पूरी होकर विद्यार्थियों को समर्पित की जा सके।
प्रस्तावित आवासीय विद्यालय में छात्रावास, भोजनालय, आधुनिक कक्षाएं, लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब और खेल मैदान जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। भूमि पूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक, शिक्षक और स्कूली बच्चे शामिल हुए। विद्यालय की स्वीकृति से पूरे क्षेत्र में उत्साह और खुशी का माहौल है।
