रिपोर्टर शकील अहमद चांदपुर बिजनौर
बिजनौर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) बुकिंग के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। नूरपुर पुलिस ने ‘साइ-वज्र’ अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों से ऑनलाइन ठगी कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी bookkhsrplate.com और bookmyhsrp.com जैसी फर्जी वेबसाइटें संचालित कर रहे थे, जो परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट जैसी दिखाई देती थीं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने GoDaddy से डोमेन और होस्टिंग लेकर वेबसाइट तैयार की थी। वेबसाइट को अधिक विश्वसनीय बनाने के लिए ChatGPT सहित आधुनिक AI टूल्स और अन्य तकनीकों का इस्तेमाल किया गया।
ठगी से प्राप्त रकम मोहित कुमार, अनस, प्रशांत कुमार और मोहम्मद फैजान के बैंक खातों में मंगाई जाती थी। इसके बाद रकम आपस में बांट ली जाती थी और बैंक खाते उपलब्ध कराने वालों को कमीशन दिया जाता था। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर देश के 15 राज्यों से मिली 29 शिकायतों के विश्लेषण के बाद पुलिस इस गिरोह तक पहुंची।
9 जुलाई 2026 को नूरपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 11 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप (चार्जर सहित) और 12,300 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरोह के मुख्य आरोपी तुषार शर्मा के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य बैंक खातों और संभावित आरोपियों की जांच में जुटी है।
बिजनौर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि HSRP सहित किसी भी सरकारी सेवा की बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही करें और किसी भी संदिग्ध वेबसाइट या लिंक से सावधान रहें।
