बिजनौर के शेरकोट निवासी एक व्यक्ति की गाज़ियाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक ट्रांसपोर्ट कंपनी के ट्रक पर परिचालक (कंडक्टर) के रूप में गाज़ियाबाद गया था। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया।
मृतक की पहचान बिशना के रूप में हुई है, जो ट्रांसपोर्ट के ट्रक पर परिचालक के रूप में कार्य करता था। परिजनों का आरोप है कि बिशना की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
गुस्साए परिजनों ने शेरकोट में नेशनल हाईवे स्थित होंडा शोरूम के सामने ट्रांसपोर्ट कार्यालय के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान परिजन ट्रांसपोर्ट मालिक और ट्रक चालक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
लोकेशन: शेरकोट, जनपद बिजनौर।
