रिपोर्ट: तुलसी प्रसाद, बोकारो (झारखंड)
बोकारो पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने बेरमो और गांधीनगर थाना का औचक निरीक्षण कर पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, किरायेदार सत्यापन अभियान तेज करने और शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
बोकारो एसपी नाथू सिंह मीणा ने सबसे पहले बेरमो और गांधीनगर थाना परिसर, अभिलेखों और पुलिस कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने लंबित कांडों की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि गंभीर मामलों की जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पीड़ितों को जल्द न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने अपराध नियंत्रण को लेकर किरायेदार सत्यापन अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रहने वाले प्रत्येक किरायेदार का अनिवार्य सत्यापन कराया जाए, ताकि अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। साथ ही बढ़ते ट्रैफिक जाम को देखते हुए यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के अंत में पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर बेरमो थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर रोहित कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
