रिपोर्ट:- तुलसी प्रसाद बोकारो झारखंड
बोकारो जिले के नावाडीह थाना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस एक्शन मोड में नजर आई। थाना प्रभारी अमित सोनी के नेतृत्व में गुरुवार को सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों की गहन जांच की गई। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग और जरूरी कागजात के बिना वाहन चलाने वालों को सख्त चेतावनी दी गई।
पुलिस टीम ने मुख्य मार्गों और चौक-चौराहों पर वाहनों की जांच करते हुए यातायात नियमों का पालन कराने पर जोर दिया। अभियान के दौरान कई वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक किया गया और भविष्य में उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
थाना प्रभारी अमित सोनी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण लापरवाही है। उन्होंने विशेष रूप से बाइक सवारों और भारी वाहनों के उपचालकों से हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील करते हुए कहा कि हेलमेट जीवन की सुरक्षा का सबसे प्रभावी साधन है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों, नशे की हालत में ड्राइविंग करने वालों और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी ने सभी वाहन चालकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सुरक्षित सफर अपनाने की अपील की। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने की दिशा में सराहनीय कदम बताया।
