रिपोर्ट: तुलसी प्रसाद, बोकारो (झारखंड)
झारखंड में अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ सीआईएसएफ ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार नंबर की एक पिकअप वैन को कोयले सहित जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। अब इस कार्रवाई के बाद पूरे तस्करी नेटवर्क पर सवाल उठने लगे हैं।
सीआईएसएफ को कथारा क्षेत्र और फुसरो के रानीबाग इलाके में बिहार नंबर की गाड़ियों से अवैध कोयला ढुलाई की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार देर रात विशेष अभियान चलाया गया। इसी दौरान टीम ने संदिग्ध पिकअप वैन BR-26GB-2932 को रोकने का प्रयास किया। वाहन रुकते ही चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
सीआईएसएफ ने पिकअप वैन को कब्जे में लेकर उसमें लदे कोयले को जब्त कर लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसी को सौंप दिया। अधिकारियों का कहना है कि अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात के समय बिहार नंबर की गाड़ियों से लंबे समय से अवैध कोयला ढुलाई का खेल चल रहा है। ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि क्या कार्रवाई केवल वाहन और कोयला जब्त करने तक सीमित रहेगी, या फिर इस पूरे तस्करी नेटवर्क के सरगनाओं और संरक्षण देने वालों तक भी जांच पहुंचेगी।
फिलहाल सीआईएसएफ की इस कार्रवाई से अवैध कोयला तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि फरार चालक और तस्करी नेटवर्क की तलाश जारी है।
