बिजनौर में थाना कोतवाली देहात पुलिस और कथित गौकशों के बीच हुई मुठभेड़ में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि फायरिंग में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक जिंदा गोवंश, दो तमंचे, कारतूस, पशु काटने के उपकरण और एक सेंट्रो कार बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, बरुकी चौकी क्षेत्र स्थित कुम्हड़ा नहर की पटरी पर गश्त के दौरान एक संदिग्ध सेंट्रो कार को रोकने का प्रयास किया गया। कार सवार नहीं रुके और भागने लगे। घेराबंदी के बाद खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें दो आरोपी घायल हो गए और सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे आवारा गोवंशीय पशुओं को जंगल में ले जाकर उनका वध कर मांस बेचते थे। पुलिस का दावा है कि घटना वाली रात भी वे इसी मकसद से निकले थे, लेकिन समय रहते कार्रवाई कर एक जिंदा गोवंश को बचा लिया गया।
घायल आरोपियों को उपचार के लिए पीएचसी कोतवाली देहात भेजा गया है, जबकि घायल पुलिसकर्मी का जिला अस्पताल बिजनौर में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
