बिजनौर के थाना हीमपुर दीपा क्षेत्र के मुबारकपुर गदाई गांव में मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें दोनों पक्षों के करीब आठ लोग घायल हो गए। घटना के दौरान एक व्यक्ति की जेब में तमंचा दिखाई देने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, मामूली विवाद को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के एक युवक के भाई के साथ मारपीट की, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया। घटना में दोनों पक्षों के लगभग आठ लोग घायल हुए हैं।
सूचना मिलते ही थाना हीमपुर दीपा पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वहीं, मारपीट के दौरान जेब में तमंचा रखने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
