रिपोर्टर: शारिफ अली खान
शीशगढ़ में खाद एवं यूरिया की कमी को लेकर किसानों की आवाज बुलंद, प्रशासन से तत्काल आपूर्ति की मांग
बरेली के बहेड़ी क्षेत्र के शीशगढ़ में खाद एवं यूरिया की कमी को लेकर किसानों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर युवा प्रदेश अध्यक्ष वामिक हुसैन खान ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो किसानों के हित में लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा।
शीशगढ़ में युवा प्रदेश अध्यक्ष वामिक हुसैन खान ने किसानों के साथ संबंधित प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन के बीच खाद एवं यूरिया की कमी से किसान गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं। घंटों लाइन में लगने के बावजूद किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक नहीं मिल रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई कि शीशगढ़ एवं आसपास के सभी सरकारी और अधिकृत उर्वरक केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में खाद एवं यूरिया उपलब्ध कराया जाए। साथ ही वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए और कालाबाज़ारी व जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई की जाए।
वामिक हुसैन खान ने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो किसानों के हित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा। वहीं प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर उचित कार्रवाई और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान क्षेत्र के किसान और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।
