रिपोर्ट: तुलसी प्रसाद, बोकारो, झारखंड।
झारखंड के बोकारो थर्मल परियोजना में दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) का 79वां स्थापना दिवस तीन दिवसीय भव्य समारोह के साथ संपन्न हुआ। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, रचनात्मक प्रतियोगिताएं, लेजर लाइट शो और पुरस्कार वितरण ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना प्रधान (एचओपी) सुशील कुमार अरजरिया, महाप्रबंधक (ओ एंड एम) मधुकर श्रीवास्तव तथा महाप्रबंधक (एचआर) ए. ए. कुजूर ने दीप प्रज्वलित कर और केक काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में डीवीसी के कर्मचारी और उनके परिजन मौजूद रहे।
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में “डीवीसी @79” थीम पर लघु फिल्म और फोटोग्राफी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। “डीवीसी मेरी नजर में” और “डीवीसी की झलक” विषय पर प्रतिभागियों ने निगम की उपलब्धियों, कार्य संस्कृति और गौरवशाली विरासत को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया।
डीवीसी कर्मचारियों के बच्चों और महिलाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। पूरे परियोजना क्षेत्र, कार्यालय भवनों और प्रमुख मार्गों को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया, जबकि लेजर लाइट शो समारोह का मुख्य आकर्षण रहा
तीन दिनों तक चले इस भव्य आयोजन ने डीवीसी के 79वें स्थापना दिवस को कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए यादगार बना दिया।
