बिजनौर: रिहायशी इलाके में घूमता दिखा गुलदार, CCTV में कैद
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में रिहायशी इलाके में गुलदार की मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल है। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के बरुकी इलाके में गुलदार देर रात सड़कों पर घूमता हुआ दिखाई दिया, जिसकी पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। गुलदार के लगातार आबादी के बीच घूमने से ग्रामीण भयभीत हैं।
बताया जा रहा है कि बरुकी इलाके में देर रात एक गुलदार स्ट्रीट डॉग की तरह गलियों में घूमता नजर आया। CCTV फुटेज सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी और गुलदार को जल्द पकड़ने की मांग की। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर इलाके में निगरानी कर रही है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। फिलहाल गुलदार की तलाश जारी है।
