फर्रुखाबाद में सोमवार को ऑफिसर क्लब फतेहगढ़ में तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में किया गया। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 79 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान राजस्व विभाग की 36, पुलिस विभाग की 21, विकास विभाग की 3, विद्युत विभाग की 3, चिकित्सा विभाग की 4 तथा अन्य विभागों की 12 शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। मौके पर एक राजस्व और एक नगर पालिका से संबंधित शिकायत का तत्काल समाधान किया गया।
जनसुनवाई में पहुंचे लोगों ने कहा कि जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के कार्यभार संभालने के बाद उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद बढ़ी है। यही कारण है कि संपूर्ण समाधान दिवस और डीएम कार्यालय की जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंच रहे हैं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, उपजिलाधिकारी गजराज सिंह, परियोजना निदेशक कपिल कुमार, नगर पालिका ईओ विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी शिकायतों का निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।
