रिपोर्ट: सौरभ दीक्षित, जिला संवाददाता, फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में ग्राम समाज की करीब एक बीघा जमीन का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो प्रधान पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक युवक को गोली लगी, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर समय रहते कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक निसाई गांव के प्रधान पति सतेंद्र अपने बेटे अमन और साथियों राहुल, मनोज व अभय के साथ कार से जा रहे थे। आरोप है कि गैसिंगपुर गैस प्लांट के पास मुडगांव के ग्राम प्रधान रामनारायण और उनके समर्थकों ने उनकी कार रोक ली। इसके बाद लाठी-डंडों से हमला किया गया और फायरिंग हुई। फायरिंग में राहुल पुत्र नीरज निवासी रतनपुर गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
हमले में सतेंद्र, अमन, मनोज और अभय भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल तथा निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि ग्राम समाज की जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और इसकी जानकारी पुलिस को पहले से थी। आरोप है कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण विवाद हिंसक रूप ले बैठा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पूरे क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
.
