फर्रुखाबाद। शहर कोतवाली क्षेत्र के कूंचा भवनीदास निवासी एक महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर पड़ोसियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उसके घर के सामने स्थित सरकारी नाले के पास पड़ोसी लगातार उसके दरवाजे पर कूड़ा डालते हैं और विरोध करने पर गाली-गलौज व धमकी देते हैं।शिकायतकर्ता रेखा दीक्षित पत्नी पवन दीक्षित ने आरोप लगाया है कि मामले की शिकायत पहले नगर मजिस्ट्रेट से भी की गई थी। नगर मजिस्ट्रेट द्वारा मौके पर पहुंचकर लोगों को कूड़ा न डालने की हिदायत दिए जाने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ।महिला का आरोप है कि कुछ लोगों ने अपने प्रभाव का हवाला देते हुए उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। साथ ही एक व्यक्ति पर शाम के समय नशे की हालत में घर के बाहर आकर अभद्र भाषा का प्रयोग करने और परिवार को डराने-धमकाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसके पास घटना से जुड़े ऑडियो और वीडियो साक्ष्य भी मौजूद हैं।शिकायती पत्र में यह भी कहा गया है कि कथित उत्पीड़न के कारण पूरा परिवार भय के माहौल में रह रहा है और बच्चे भी डर के कारण स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। महिला ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है।
