रिपोर्ट सौरभ दीक्षित
फर्रुखाबाद/ फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के धन्सुआ गांव में बीएससी की 20 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना में प्रयुक्त छात्रा के पिता की लाइसेंसी राइफल को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
मृतका की पहचान अंजलि पाल (20) के रूप में हुई है। उसके पिता राजेश कुमार पाल भारतीय सेना में कार्यरत हैं और वर्तमान में पंजाब में तैनात हैं। घटना के समय अंजलि घर में अकेली थी। उसकी मां किसी काम से बाहर गई थीं, जबकि भाई अपनी दुकान पर था। देर शाम जब भाई घर लौटा और काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो वह पड़ोसी के मकान की छत के रास्ते अंदर पहुंचा, जहां अंजलि अचेत अवस्था में मिली। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ कर हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।
वाईट मृतक लड़की के पिता राजेश कुमार पाल
