रिपोर्टर शारिफ अली खान
बरेली/बहेड़ी/ नगर पालिका परिषद द्वारा नाले की सफाई के साथ-साथ भारी हथौड़ों से तोड़-फोड़ का कार्य किए जाने से आसपास के मकानों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने का आरोप लगाया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्य के दौरान लगातार होने वाले तेज कंपन के कारण कई भवनों की दीवारों में दरारें आ गई हैं, जिससे लोगों में भय और नाराजगी का माहौल है।
प्रभावित परिवारों का कहना है कि उनके मकानों में पहले इस प्रकार की कोई समस्या नहीं थी, लेकिन नगर पालिका के कार्य के दौरान हुए कंपन के बाद दीवारों में दरारें दिखाई देने लगीं। लोगों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते मामले की जांच नहीं कराई गई तो भविष्य में भवनों को और अधिक नुकसान हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित भवनों का तत्काल निरीक्षण कराया जाए, नुकसान का निष्पक्ष आकलन किया जाए तथा जिन लोगों के मकानों को क्षति पहुंची है उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही भविष्य में ऐसे कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है.
