प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र के बनपुरवा गांव में एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुनील वर्मा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
मिली जानकारी के अनुसार, इससे पहले मृतक के छोटे भाई संतोष का शव भी शादी के तीसरे दिन फंदे से लटका मिला था। उस मामले में परिजनों ने कुछ लोगों के खिलाफ हंडिया थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। अब लगभग तीन सप्ताह बाद बड़े भाई सुनील वर्मा का शव भी फंदे से लटका मिलने के बाद परिजनों ने इसे संदिग्ध बताते हुए हत्या का आरोप लगाया है।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने हंडिया थाना क्षेत्र के धनुपुर बाजार में चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मृतक की मां, मौसी और बड़े भाई का आरोप है कि दोनों भाइयों की मौत के पीछे कुछ प्रभावशाली लोगों का हाथ है। उनका कहना है कि मृतक परिवार की लगभग पांच बीघा जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है तथा भूमि के दस्तावेजों में भी कथित रूप से हेराफेरी की गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि दोनों भाइयों को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। उनका दावा है कि संतोष की शादी के दौरान भी कथित तौर पर धमकी दिलाई गई थी।
फिलहाल ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर जिला अधिकारी प्रयागराज तथा पुलिस कमिश्नर प्रयागराज को बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए शासन-प्रशासन और राज्य सरकार से न्याय की गुहार लगाई है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
रिपोर्टर इद्रजीत बैनर्जी
