फर्रुखाबाद : 24 हजार की रिश्वत लेते खनन अधिकारी गिरफ्तार
फर्रुखाबाद में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन अधिकारी संजय प्रताप और उनके एक साथी को 24 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कानपुर से पहुंची विजिलेंस टीम ने शिकायत के आधार पर जाल बिछाकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि मिट्टी खनन की परमिशन देने के एवज में रिश्वत की मांग की गई थी।
जानकारी के मुताबिक, हरसिंहपुर गोवा गांव के एक निवासी ने विजिलेंस से शिकायत की थी कि मिट्टी खनन की अनुमति देने के बदले खनन अधिकारी संजय प्रताप उससे 24 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत की पुष्टि के बाद विजिलेंस टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।
शुक्रवार को खनन अधिकारी के सरकारी आवास पर रुपये देने का समय तय किया गया। शिकायतकर्ता ने जैसे ही तय रकम वहां मौजूद एक व्यक्ति को सौंपी और उसने रकम खनन अधिकारी तक पहुंचाई, पहले से घात लगाए बैठी विजिलेंस टीम ने दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम दोनों आरोपियों को फतेहगढ़ कोतवाली ले गई, जहां उनसे बंद कमरे में गहन पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि खनन अधिकारी संजय प्रताप पिछले करीब तीन वर्षों से फर्रुखाबाद में तैनात थे। इस कार्रवाई के बाद खनन विभाग और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
फिलहाल विजिलेंस टीम मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रिश्वतखोरी के इस मामले में कहीं कोई और व्यक्ति भी शामिल तो नहीं है।
