फिरोजाबाद के लेबर कॉलोनी क्षेत्र में बने पुल का लगभग 15 फुट हिस्सा अचानक टूटकर गिर गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद देर रात जेसीबी से मलबा हटाने और पुल की मरम्मत किए जाने के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं। मामले को लेकर समाजवादी पार्टी ने भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं सामाजिक कार्यकर्ता सतेन्द्र जैन सौली अपने पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ जिला उपाध्यक्ष रघुराज सविता, विधानसभा अध्यक्ष नरेश शंखवार, सचिव रोहित नंदवंशी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बाइट – सतेन्द्र जैन सौली:
“भगवान का शुक्र है कि इतनी बड़ी घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन इस पुल के गिरने ने निर्माण कार्यों में हुए भ्रष्टाचार की पोल खोल दी है।”
सतेन्द्र जैन सौली ने कहा कि करीब तीन से चार वर्ष पहले बने इस पुल का इतनी जल्दी क्षतिग्रस्त हो जाना निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि रातों-रात जेसीबी से मलबा हटाकर पुल की मरम्मत करने का प्रयास किया गया, जिससे मामले को दबाने की आशंका पैदा होती है।
समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया कि जिले में राजनीतिक एकाधिकार के कारण भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है। पार्टी ने मांग की है कि पुल निर्माण से जुड़ी संस्था, संबंधित अधिकारियों और राजनीतिक प्रभाव की भूमिका की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
टैग लाइन:
“फिरोजाबाद में पुल गिरने से उठे भ्रष्टाचार के सवाल, सपा ने मांगी निष्पक्ष जांच और जवाबदेही।”
