तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी ACB ने सर्वे एवं भूमि अभिलेख विभाग के मल्टी जोन-2 के डिप्टी डायरेक्टर सुंकारी नरहरी राव के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में बड़ी छापेमारी की है।
ACB ने अधिकारी के आवास सहित उनके रिश्तेदारों, बेनामी व्यक्तियों और सहयोगियों से जुड़े कुल 10 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। जांच के दौरान कई प्लॉट, कृषि भूमि, फ्लैट और बहुमंजिला भवनों से संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए।
छापेमारी में करीब 1 करोड़ 54 लाख रुपये नकद, 2 करोड़ 29 लाख रुपये बैंक बैलेंस, 5 करोड़ 4 लाख रुपये की एफडी, लगभग 1.3 किलोग्राम सोने के आभूषण और 8 किलोग्राम चांदी बरामद हुई है। इसके अलावा एक KIA Carens कार और आरोपी की पत्नी के नाम पर दो बैंक लॉकरों की भी जानकारी मिली है, जिन्हें जांच के दौरान खोला जाएगा।
प्रारंभिक जांच में बरामद संपत्तियों का कुल मूल्य 13 करोड़ 5 लाख रुपये से अधिक आंका गया है। हालांकि ACB का कहना है कि अचल संपत्तियों का वास्तविक बाजार मूल्य इससे कई गुना अधिक हो सकता है। आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें विशेष अदालत में पेश किया जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।
