एटा में भीषण गर्मी के बीच बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। शिकोहाबाद रोड, आनंदपुरम, सुनरी नगर, बापू नगर, नगला तेली, नगला प्रेमी, अवंती बाई नगर समेत आधा दर्जन से अधिक मोहल्लों की विद्युत आपूर्ति पूरी रात ठप रही, जिससे हजारों लोगों को भीषण गर्मी में रात गुजारनी पड़ी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग के किसी अधिकारी ने उनकी सुध नहीं ली। लोगों का कहना है कि विभागीय कर्मचारियों ने शिकायत नंबर तक बंद कर दिया, जबकि अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, एसडीओ और अवर अभियंता से संपर्क करने की कोशिश भी नाकाम रही।
आरोप है कि अवर अभियंता मनीष कुमार का मोबाइल फोन रातभर व्यस्त रहा और व्हाट्सएप ग्रुप पर शिकायतों की जानकारी मिलने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे लोगों में विभाग के प्रति भारी नाराजगी है।
सरकार की ओर से जिला मुख्यालय को 23 से 24 घंटे बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन इस घटना ने बिजली विभाग के दावों और जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और लोगों को राहत कब मिलती है।
