बिजनौर के स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव रवाना शिकारपुर में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। परिवार शादी समारोह में गया हुआ था। ग्रामीणों के पहुंचने पर बदमाश अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए। पुलिस ने बाइक बरामद कर जांच शुरू कर दी है।
मामला गांव रवाना शिकारपुर का है, जहां निवासी हाजी अय्यूब अंसारी अपने परिवार के साथ गांव खेड़ा परोला में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर बंद होने का फायदा उठाकर बदमाशों ने मुख्य गेट और कमरों के ताले तोड़ दिए। इसके बाद घर में रखी लाखों रुपये की नकदी और कीमती सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।
वारदात के दौरान जब पड़ोसियों और ग्रामीणों को आहट मिली तो वे मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को देखकर चोरों में हड़कंप मच गया और वे अपनी मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए। ग्रामीणों ने उनका पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही स्योहारा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने चोरों द्वारा छोड़ी गई मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल इस बड़ी चोरी की घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
शकील अहमद, बिजनौर।
