राजस्थान के जोधपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, नीट पेपर लीक, भ्रष्टाचार और बाईं जी का तालाब पार्क के जीर्णोद्धार की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया
जोधपुर शहर विधानसभा क्षेत्र के सराफा बाजार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अंतर्गत बाईं जी का तालाब मंडल द्वारा आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ओमकार वर्मा ने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के हितों की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक लड़ती रहेगी।
पूर्व विधायक मनीष पवार ने भाजपा सरकार को जनविरोधी बताते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल में शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने बाईं जी का तालाब के सौंदर्यीकरण और रखरखाव की स्थिति पर भी चिंता जताई।
पूर्व राज्य मंत्री रमेश बोरणा ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए प्रदेश में बढ़ती महंगाई, अपराध और प्रशासनिक विफलताओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने में असफल साबित हो रही है।
प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार का पुतला दहन कर जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
