पीलीभीत। नेकी की दीवार एवं श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल, पीलीभीत के संयुक्त तत्वावधान में गौहनिया चौराहे पर विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने आमजन को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए हेलमेट का उपयोग बेहद आवश्यक है और वाहन चलाते समय सभी नियमों का पालन करना चाहिए।
अभियान के दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने भी लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट पहनने का संदेश दिया। साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए राहगीरों को ठंडा शरबत, पानी की बोतलें और तौलिये वितरित किए गए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, वाहन चालक और संस्था के सदस्य उपस्थित रहे। सड़क सुरक्षा और जनसेवा के इस प्रयास की लोगों ने सराहना की।
