बिजनौर। जिले में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला थाना हीमपुर दीपा क्षेत्र के गांव गदनपुरा का है, जहां बाइक से घर लौट रहे दो युवकों पर गुलदार ने हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक घायल हो गए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक दवाई लेकर बाइक से अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक गुलदार ने उन पर हमला बोल दिया। हमले से बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों युवक घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्याऊ में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
गांव में गुलदार की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
फिलहाल वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को मामले की सूचना दे दी गई है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार को पकड़ने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
