रिपोर्ट इंद्रजीत बनर्जी
प्रयागराज आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और यूपी प्रभारी संजय सिंह ने एक बार फिर से केंद्र और प्रदेश की बीजेपी सरकारों पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है की डबल इंजन की सरकार पूरे देश में पेपर लीक करा रही है। संजय सिंह ने कहा है कि मोदी जी नीट का पेपर लीक करा रहे हैं।जबकि योगी जी लेखपाल से लेकर पीसीएस जे तक का पेपर लीक कराते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा है कि पेपर लीक कराना अपराध नहीं है। लोग बेरोजगारी के कारण आत्महत्या कर रहे हैं, उसके लिए भी किसी के जवाबदेही नहीं है। लेकिन विपक्ष पेपर लीक पर चर्चा भी नहीं कर सकता है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पेपर लीक से लाखों बच्चों का भविष्य बर्बाद हो रहा है। लेकिन उत्तर प्रदेश में पेपर लीक पर सवाल उठाना अपराध बन गया है। संजय सिंह ने कहा है कि यह अपराध हम बार बार करेंगे।
उन्होंने कथित पेपर लीक को लेकर प्रतियोगी छात्र छात्राओं के विरोध प्रदर्शन के बाद की गई कार्रवाई को भी अनुचित ठहराया है। उन्होंने कहा है पूर्व छात्र नेताओं के साथ मिलकर पूरे प्रदेश में पेपर लीक के खिलाफ अभियान चलायेंगे। इसके लिए जल्द कार्यक्रम भी घोषित करेंगे।
उन्होंने कहा है कि प्रदेश की योगी सरकार का यह तानाशाही पूर्ण रवैया है कि जब वह सर्किट हाउस में प्रतियोगी छात्रों से बातचीत कर रहे थे तो पुलिस ने दो छात्रों आशुतोष पांडेय और संजय पांडेय को हिरासत में ले लिया। दोनों छात्रों को बाद में जेल भेज दिया गया और जेल में भी उनसे मुलाकात नहीं करने दिया गया। जेल जाने के चलते दोनों ही छात्र पांच साल बाद आयोजित टीजीटी भर्ती परीक्षा नहीं दे सके। जबकि नियम के मुताबिक प्रशासन को उन्हें परीक्षा दिलाना चाहिए था। उन्होंने कहा है कि 14 जून को भी आशुतोष पांडेय की एक परीक्षा है।
उन्होंने कहा है कि प्रदेश सरकार की तानाशाही और हिटलरशाही के खिलाफ इलाहाबाद हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दाखिल की गई है। दोनों छात्रों की रिहाई के लिए कोर्ट के आदेश का इंतजार रहेगा। उन्होंने कहा है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट जिस तरह से यूपी सरकार और प्रयागराज के जिला प्रशासन को फटकार लगा रहा है। यह साबित करता है कि प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है। अधिकारी मनमाने ढंग से कम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा है कि अब यह सिलसिला रुकेगा नहीं। छात्रों का आंदोलन अब आगे बढ़ाया जाएगा। वहीं एक जून को सर्किट हाउस में प्रतियोगी छात्रों के साथ बातचीत के दौरान एडीएम सिटी सत्यम मिश्रा द्वारा रोके जाने के मामले को विशेषाधिकार हनन के तहत राज्यसभा के सभापति के समक्ष उठाया गया है। उन्होंने कहा कि एडीएम सिटी और अन्य अधिकारियों ने गैर संवैधानिक कार्य किया है। इसलिए यह मेरे विशेषाधिकार का हनन है।
वहीं कॉकरोच जनता पार्टी के दिल्ली के जंतर मंतर में विरोध प्रदर्शन को लेकर आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह ने कहा है कि यह देश के नौजवानों का गुस्सा है। उन्होंने कहा है कि काकरोच जनता पार्टी उस निराशा से निकली हुई है। जिसमें बेरोजगार नौजवान आत्म हत्या कर रहा है। लाखों छात्र नीट पेपर लीक से दुखी हैं। अन्य परीक्षाओं में पेपर लीक और सीबीएसई में हुई गड़बड़ी से दुखी हैं। संजय सिंह आरोप लगाया है कि पेपर लीक हजारों करोड़ के रिश्वतखोरी का धंधा है। संजय सिंह ने कहा है कि हताशा और निराशा से नौजवान परेशान है और कॉकरोच जनता पार्टी के रूप में उसका गुस्सा सामने आ रहा है।
