बिजनौर। जनपद बिजनौर में चोरों के हौसले बुलंद हैं। थाना स्योहारा क्षेत्र के मंडोरी गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
जानकारी के अनुसार अज्ञात चोर घर में घुस गए और वहां रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषणों के साथ लाखों रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया और आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
सूचना मिलने पर थाना स्योहारा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है तथा चोरों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
मंडोरी गांव में हुई इस चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
