बिजनौर जिला पंचायत अध्यक्ष सकेंद्र प्रताप सिंह का व्हाट्सएप अकाउंट साइबर ठगों द्वारा हैक किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, अकाउंट हैक करने के बाद साइबर ठगों ने उनके परिचितों और जान-पहचान के लोगों को व्हाट्सएप संदेश भेजकर पैसों की मांग की।
बताया जा रहा है कि ठगों ने दो दर्जन से अधिक लोगों को मैसेज भेजकर धनराशि ट्रांसफर कराने का प्रयास किया। मामले की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत अध्यक्ष सकेंद्र प्रताप सिंह ने अपने परिचितों से अपील की है कि उनके नाम से आने वाले किसी भी मैसेज या पैसों की मांग पर विश्वास न करें और कोई धनराशि न भेजें।
सकेंद्र प्रताप सिंह ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि यह साइबर ठगी का मामला है और उनके व्हाट्सएप अकाउंट का दुरुपयोग किया जा रहा है। मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों को भी दी जा रही है।
आपको बता दें कि सकेंद्र प्रताप सिंह बिजनौर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जिला पंचायत अध्यक्ष हैं।
फिलहाल, लोगों से अपील है कि किसी भी अनजान या संदिग्ध मैसेज पर भरोसा न करें और पैसों का लेन-देन करने से पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर पुष्टि अवश्य कर लें।
