पूरनपुर विधायक, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बूंदी भूड में लगाई चौपाल, ग्रामीणों की समस्याओं को सुना, शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश
पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान के साथ जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने तहसील कलीनगर क्षेत्रांतर्गत ग्राम पंचायत बूंदी भूड में एक विशाल जन चौपाल का आयोजन किया। चौपाल में विधायक पूरनपुर, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वयं उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। चौपाल के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। इसमें मुख्य रूप से शिक्षा हेतु इंटर कालेज की मांग, विद्यालय में अध्यापकों की बढ़ोतरी की मांग, आवास, पेंशन, राशन कार्ड, सड़क व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराए जाने की मांग की। जिलाधिकारी ने कहा कि शीघ्र ही खंड विकास अधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी, डीसी मनरेगा सहित अन्य संबंधित अधिकारी गांव में सभी से वार्ता करेंगे उनको समस्याओं से अवगत कराएं ताकि समस्याओं का संबंधित विभाग गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण कर सके। जिलाधिकारी ने कहा कि गांव में स्वयं सहायता समूह के माध्यम से आप लोग आत्मनिर्भर बने, सरकार द्वारा महिलाओं के लिए सिलाई मशीन, ब्यूटी पार्लर आदि कोर्स संचालित हैं,योजनाओं का लाभ लें। उन्होंने कहा कि गांव के विकास हेतु बजट की मांग कर बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इस तरह के आयोजनों से जनता और प्रशासन के बीच की दूरी कम होती है। उन्होंने ग्राम वासियों की मांग के अनुरूप संबंधित अधिकारी को कार्यवाही सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। पूरनपुर विधायक ने केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र व्यक्तियों से इनका लाभ उठाने की अपील की। पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से वार्ताकर उनकी समस्याओं को सुना एवं गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखना की अपील की और कहा कि समस्याओं का निराकरण कराया जायेगा। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी,उप जिलाधिकारी कलीनगर, नायब तहसीलदार सहित ग्रामवासी उपस्थित रहे।_
*रिपोर्ट – हैदर खान / ब्यूरोचीफ पीलीभीत*_
