Fighter Jets Landing on Expressway in UP: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में बुधवार को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर कुछ-कुछ युद्ध की तैयारी जैसे हालात लगे. यहां आसमान में भारतीय वायुसेना के लड़ाकू और तकनीकी विमान गरजे और एक्सप्रेसवे पर लैंडिंग का अभ्यास किया.
रिपोर्ट इंद्रजीत बनर्जी
Sultanpur News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे एक बार फिर देश की सामरिक शक्ति का प्रदर्शन करने का केंद्र बन गया है. भारतीय वायुसेना ने यहां एक भव्य युद्धाभ्यास के जरिए यह साबित कर दिया कि जरूरत पड़ने पर देश के हाईवे भी हवाई अड्डों का विकल्प बन सकते हैं. इस विशेष अभ्यास के दौरान सुखोई-30MKI, मिराज-2000, जगुआर और स्वदेशी तेजस जैसे अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों ने एक्सप्रेस-वे पर लैंडिंग और टेकऑफ कर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया. इसके अलावा C-295 जैसे टैक्टिकल एयरक्राफ्ट ने भी हिस्सा लिया.

इमरजेंसी में विमान लैंडिंग का अभ्यास
इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में वैकल्पिक रनवे के तौर पर एक्सप्रेस-वे की उपयोगिता को परखना है. युद्ध जैसे हालात में जब पारंपरिक एयरबेस निशाने पर आ सकते हैं, तब ऐसे हाईवे एयरस्ट्रिप वायुसेना के लिए बेहद अहम साबित होते हैं. यही कारण है कि इस अभ्यास में वायुसेना के लगभग सभी प्रमुख विमानों को शामिल किया गया.
एक्सप्रेसवे का 12 कि.मी. हिस्सा बंद किया गया
सुरक्षा और संचालन को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एक्सप्रेस-वे के करीब 12 किलोमीटर हिस्से को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है. इस दौरान ट्रैफिक को अन्य मार्गों पर डायवर्ट किया गया है, जो एक मई तक प्रभावी रहेगा. स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरे क्षेत्र में मुस्तैद हैं ताकि अभ्यास बिना किसी बाधा के पूरा हो सके.
