संवाददाता – मनोज कुमार
मैनपुरी में परशुराम शोभा यात्रा में शामिल होने पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के जरिए महिलाओं को उनका हक दिलाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार को दिया और आरोप लगाया कि कांग्रेस व समाजवादी पार्टी ने केवल ‘कुतर्कों’ के जरिए इस विधेयक को रोकने का काम किया है। पाठक ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की महिलाएं अब इन विपक्षी दलों की महिला-विरोधी नीतियों के खिलाफ सड़कों पर उतर रही हैं।
इसी दौरान फिरोजाबाद के चर्चित महिला तहसीलदार और डीएम मामले पर भी डिप्टी सीएम ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच लखनऊ मंडलायुक्त द्वारा की जा रही है, और रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
वहीं स्थानीय पत्रकारों के लिए भी यह दौरा राहत लेकर आया। प्रेस क्लब मैनपुरी के अध्यक्ष अर्पित चतुर्वेदी ने जर्जर हो चुके प्रेस क्लब की समस्या डिप्टी सीएम के सामने रखी। उपमुख्यमंत्री ने इसे गंभीरता से लेते हुए तुरंत जिलाधिकारी को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए और वादा किया कि जैसे ही नया सुसज्जित प्रेस क्लब बनकर तैयार होगा, वे स्वयं इसका उद्घाटन करने आएंगे। डिप्टी सीएम के इस आश्वासन से स्थानीय पत्रकारों में काफी उत्साह है।
