मनीष मेहता जोधपुर
जोधपुर। शहर के जालोरी गेट चौपासनी रोड स्थित व्यास हवेली के बैंक्विट हॉल में एसीपी वेस्ट छवि शर्मा और सरदारपुरा सीआई जयकिशन सोनी ने जालोरी गेट चौपासनी रोड व्यापारी समिति के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में क्षेत्र के व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
समिति सचिव महेश मंत्री ने बताया कि व्यापारियों ने सड़क पर बार-बार बाधित हो रहे ट्रैफिक, ठेले वालों द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण तथा रोड क्रॉसिंग में हो रही दिक्कतों की समस्या को प्रमुखता से उठाया। व्यापारियों ने बताया कि एमजीएच हॉस्पिटल, उम्मेद हॉस्पिटल, तीन नेशनल बैंक, अभय चैंबर मार्केट और बस स्टैंड के कारण यह क्षेत्र ट्रैफिक की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील बन गया है।
एसीपी वेस्ट छवि शर्मा ने व्यापारियों की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जल्द ही समाधान करने का आश्वासन दिया। साथ ही बैठक के दौरान राजकॉप मोबाइल ऐप डाउनलोड करवाकर व्यापारियों को अभय कमांड से सीधे जुड़ने की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर श्रीमती मंजू व्यास द्वारा एसीपी छवि शर्मा का दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया गया। वहीं सुरेन्द्र कुमार व्यास, सोहन मुथा और विक्रांत दवे ने मोमेंटो एवं भगवान धन्वंतरी की तस्वीर भेंट की। इसी क्रम में सुरेन्द्र कुमार व्यास और राजेन्द्र व्यास द्वारा सरदारपुरा सीआई जयकिशन सोनी का भी दुपट्टा ओढ़ाकर एवं साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया।
बैठक में व्यापारी समिति के अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार व्यास, संरक्षक अजीत सिंह देवड़ा सहित अनेक पदाधिकारी, व्यापारीगण, गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
