रिपोर्ट सौरभ दीक्षित
फर्रुखाबाद/ जनपद में हुई पिछले दो दिनों से लगातार मूसलाधार बारिश से जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित हुआ। इस प्राकृतिक आपदा के चलते ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक नुकसान हुआ है, विशेष तौर पर कच्चे-पक्के मकानों को भारी क्षति पहुंची है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। तीनों तहसीलों में कराए गए त्वरित सर्वे के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, बारिश की वजह से लगभग 120 आवास क्षतिग्रस्त हुए हैं। इस सूची में पूरी तरह से ढहे कच्चे मकान, पक्के घर, झोपड़ियां और आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त भवन भी शामिल हैं।जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए शासन से बजट की मांग कर दी गई है। बजट मिलते ही सभी पात्रों को नियमानुसार राहत राशि वितरित कर दी जाएगी।कृषि फसलों को हुए नुकसान का आंकलन करने के लिए सर्वे का कार्य अभी जारी है। रिपोर्ट आते ही किसानों के लिए भी उचित मुआवजे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।जिला प्रशासन स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि आपदा की इस घड़ी में हरसंभव सहायता पहुंचाई जाएगी ताकि किसी भी नागरिक को असुविधा का सामना न करना पड़े।
