फिरोजाबाद तिरंगा झंडा घोटाला
फिरोजाबाद में 15 अगस्त के राष्ट्रीय पर्व को लेकर मंगाए गए तिरंगा झंडों की गुणवत्ता को लेकर उठे सवाल अब सियासी मुद्दा बनते जा रहे हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं सामाजिक कार्यकर्ता सतेन्द्र जैन सौली ने मामले को लेकर सत्ताधारी जनप्रतिनिधियों और भाजपा पर निशाना साधा है।
सतेन्द्र जैन सौली ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की पहचान और सम्मान का प्रतीक है। तिरंगा झंडों में घोटाला कर फिरोजाबाद का नाम देशभर में बदनाम करने वाले घोटालेबाजों और उन्हें संरक्षण देने वालों को जनता कभी माफ नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि मामला सामने आए चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है। सौली ने इसे लेकर सत्ताधारी जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि इससे पता चलता है कि वे राष्ट्रीय ध्वज का कितना सम्मान करते हैं।
सौली ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी लगातार तिरंगा झंडा घोटाले के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर आवाज उठा रही है। जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन से लेकर लगातार इस मुद्दे को उठाया जा रहा है।
बाइट : सतेन्द्र जैन सौली
वहीं सतेन्द्र जैन सौली ने भारतीय जनता पार्टी से सीधा सवाल करते हुए कहा कि भाजपा की ओर से तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है, लेकिन तिरंगा झंडा घोटाले के जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई की गई, यह भी भाजपा को जनता के सामने बताना चाहिए
फिलहाल तिरंगा झंडों की गुणवत्ता और कथित घोटाले को लेकर सियासत तेज है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और लगाए गए आरोपों पर जिम्मेदार पक्ष की ओर से क्या जवाब सामने आता है।
