रिपोर्ट रामनिवास
राजस्थान /धौलपुर /
तमंचे की नोक पर परिवार को बनाया था बंधक, नकदी-आभूषण लूटे; पुलिस ने हथियार और नकदी बरामद की”
धौलपुर/ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। निहालगंज थाना क्षेत्र की दुर्गा कॉलोनी में 29 जुलाई को हुई सनसनीखेज डकैती का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बदमाश बेटे की शादी का रिश्ता लेकर घर में घुसे थे और हथियारों के बल पर परिवार को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया था।
जनपद के निहालगंज थाना क्षेत्र की दुर्गा कॉलोनी में हुई डकैती के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों को सूचना मिली थी कि परिवार ने हाल ही में जमीन बेची है और घर में बड़ी रकम रखी हुई है। इसी सूचना के आधार पर आरोपी बेटे की शादी का रिश्ता कराने के बहाने घर में दाखिल हुए।
घर में प्रवेश करते ही बदमाशों ने कट्टा दिखाकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया और नकदी, सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई जांच के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा, कारतूस और कुछ नकदी भी बरामद की गई है।इस कार्रवाई का खुलासा सीओ सिटी कृष्णराज जांगिड़ और निहालगंज थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा के नेतृत्व में किया गया। वहीं, स्पेशल टीम के हेड कांस्टेबल दीनदयाल की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। पुलिस अब डकैती में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
