रिपोर्टर एतशाम खान अवागढ़
अवागढ़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन ठहराव की मांग
एटा के अवागढ़ रेलवे स्टेशन पर आगरा फोर्ट–एटा पैसेंजर ट्रेन के नियमित ठहराव की मांग को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। उन्होंने यात्रियों की सुविधा और जनहित का हवाला देते हुए इस संबंध में एक मांग पत्र भी सौंपा। रेल मंत्री ने मामले का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।
नई दिल्ली में केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी तथा पंचायती राज राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट कर बरहन–एटा रेल लाइन पर स्थित अवागढ़ रेलवे स्टेशन पर आगरा फोर्ट–एटा पैसेंजर और एटा–आगरा फोर्ट पैसेंजर ट्रेन के नियमित ठहराव की मांग उठाई।
प्रो. बघेल ने बताया कि अवागढ़ रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र, किसान, व्यापारी, कर्मचारी और आम नागरिक आगरा व एटा सहित अन्य स्थानों की यात्रा करते हैं। ट्रेन का ठहराव न होने से यात्रियों को दूसरे स्टेशनों तक अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि अवागढ़ ब्लॉक मुख्यालय, थाना और नगर पंचायत होने के कारण एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां ट्रेन का नियमित ठहराव होने से आसपास के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा तथा शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार और व्यापार के लिए यात्रा अधिक सुगम और सुविधाजनक हो जाएगी।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने रेल मंत्री से जनहित में अवागढ़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के नियमित ठहराव की व्यवस्था करने का अनुरोध किया। इस पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया है
यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो अवागढ़ और आसपास के हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र की रेल संपर्क व्यवस्था भी मजबूत होगी।
