उत्तर प्रदेश विधानसभा से बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ पोस्टर लहराने के मामले में समाजवादी पार्टी के विधायक सचिन यादव पर बड़ी कार्रवाई की गई है। उन्हें पूरे विधानसभा सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सपा विधायक सचिन यादव को पूरे सत्र के लिए निलंबित किया गया है। निलंबन की अवधि में वह सदन की कार्यवाही में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। साथ ही उन्हें विधानसभा परिसर में प्रवेश करने और विधानसभा की किसी भी समिति की बैठक में भाग लेने की अनुमति भी नहीं होगी।
मुख्यमंत्री के खिलाफ पोस्टर लहराने की घटना के बाद की गई इस कार्रवाई से प्रदेश की राजनीति में सियासी हलचल तेज हो गई है। विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार को घेर सकता है, जबकि सत्ता पक्ष इसे विधानसभा की मर्यादा बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम बता रहा है।
